
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह
एक से सात नवंबर तक जिलेभर में होंगे कई कार्यक्रम, ‘‘एक जिला एक उत्पाद’’ पर रहेगा फोकस
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह
एक से सात नवंबर तक जिलेभर में होंगे कई कार्यक्रम, ‘‘एक जिला एक उत्पाद’’ पर रहेगा फोकस
अनूपपुर रमेश तिवारी
अनूपपुर 28 अक्टूबर 2022/ मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जिले भर में एक से सात नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सात दिवसों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद, स्वच्छता पर केंद्रित गतिविधियों सहित विविध रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएगी।
इस प्रकार होंगे कार्यक्रम
कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने सभी संबंधित अधिकारियों को सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार सभी कार्यक्रम आयोजित करने के लिए निर्देशित किया। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार जिले में एक नवंबर को जन अभियान परिषद के माध्यम से सुबह प्रभात फेरी का आयोजन और जनसेवा अभियान के स्वीकृति पत्र एवं अन्य लाभ वितरण समारोह दोपहर 12 बजे से आयोजित होगा।
इसी क्रम में दो नवंबर को लाडली लक्ष्मी योजना का कार्यक्रम, तीन नवंबर को स्वच्छता, सजावट, रंगोली, पर केंद्रित गतिविधियां। ऐतिहासिक स्मारकों, महापुरुषों की प्रतिमाओं, प्रमुख बाजारों की साफ-सफाई आदि की गतिविधियां। महत्वपूर्ण स्थलों पर 67 दीपों का प्रज्ज्वलन। खेलों का प्रारंभ 3 से 6 नवंबर तक प्रतियोगिताएं और 7 नवंबर को पुरस्कार वितरण का आयोजन होगा।
‘‘एक जिला एक उत्पाद’’
चार नवंबर को ‘‘एक जिला एक उत्पाद’’ को प्रमुखता प्रदान करती हुई विविध गतिविधियां एवं रोजगार दिवस मनाया जाएगा। पांच नवंबर को मध्यप्रदेश के गौरव के दृष्टिगत नाटक, लोकनृत्य और जननायक केंद्र प्रतियोगिताएं होंगी। 6 नवंबर को वन्य प्राणी सुरक्षा, जागरूकता, ऊर्जा-पर्यावरण-जल संरक्षण केंद्रित जागरूकता, सेमिनार, व्याख्यान, चित्रकला प्रतियोगिताएं होगी। सात नवंबर को जिला मुख्यालय एवं राज्य स्तर पर सभी प्रतियोगिताओं, जन सेवा अभियान, मध्यप्रदेश गौरव से संबंधित पुरस्कार वितरण समारोह और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।