
जन – जन की विकास यात्रा सभी लोग हों शामिल- मनोज द्विवेदी
जन – जन की विकास यात्रा सभी लोग हों शामिल- मनोज द्विवेदी
अनूपपुर (रमेश तिवारी)
अनूपपुर / भारत विकास परिषद अनूपपुर के पूर्व अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी मनोज द्विवेदी ने कोतमा, अनूपपुर,पुष्पराजगढ के सभी गणमान्य नागरिकों, पार्टी पदाधिकारियो, कार्यकर्ताओं से खुली अपील की है कि मध्यप्रदेश सरकार की जन– जन से जुड़ी विकास यात्रा में सभी वर्ग के लोग खुल कर अपनी सहभागिता निभाएं। श्री द्विवेदी ने कहा है कि यह यात्रा सरकार और प्रशासन द्वारा 5 फरवरी से कोतमा, अनूपपुर, पुष्पराजगढ विधानसभा क्षेत्र में शुरु हो गई है। जिसकी सूचना जिला प्रशासन द्वारा समाचार के माध्यम से आम जनता ,गणमान्य नागरिकों, पार्टी पदाधिकारियो, कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों, कृषकों, व्यवसायियों सहित सभी वर्ग को देने का प्रयास किया गया है। चूंकि आयोजन सार्वजनिक है इसलिए किसी भी माध्यम से मिली सूचना को आमंत्रण मान कर सभी लोग विकास यात्रा में अवश्य शामिल हों।
राज्य शासन के निर्देशानुसार विकास यात्रा 5 फरवरी , रविवार से प्रारंभ होकर आगामी 25 फरवरी तक यह यात्राएं जिले के हर वार्ड और गांवों में पहुचेंगी। जिले में यह यात्रा विधानसभा क्षेत्रवार निकाली जाएगी। प्रत्येक विधानसभा में यह यात्रा प्रतिदिन न्यूनतम 6 से 7 गांवों में पहुंचेगी। हर दिन इनमें से दो बड़े गांवों में सभाएं भी होंगी।
यात्रा के दौरान नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। उनकी समस्याएं सुनी जाएगी। शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में उन्हें बताया जाएगा। ऐसे हितग्राही जिन्हें अभी तक किसी योजना का लाभ नहीं मिला है उन्हें सूचीबद्ध कर शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। यात्रा के मार्गों पर विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी होगा।
*विधानसभा क्षेत्र कोतमा की विकास यात्रा बस स्टैण्ड कोतमा से प्रारम्भ होगी। जिसका संवाद कार्यक्रम गांधी चौक कोतमा एवं अटल चौपाटी कोतमा निर्धारित किया गया है।*